टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए आई अच्छी खबर, शुभमन गिल हुए ठीक; बल्लेबाजी करने उतरे

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए एक अच्छी खबर आई है। टीम के कप्तान शुभमन गिल की उंगली की चोट ठीक हो गई है और वह अभ्यास मैच के आखिरी दिन रविवार को बल्लेबाजी करने उतरे हैं।
अभ्यास मैच से एक दिन पहले प्रैक्टिस के दौरान गिल को उंगली में चोट लग गई थी। इसी कारण वह टॉस करने नहीं आए थे और न ही फील्डिंग पर उतरे थे। उनकी जगह कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल ने संभाली थी। बीसीसीआई ने बताया था कि गिल उंगली की चोट के चलते आराम कर रहे हैं।
बदली पोजिशन
मैच के दूसरे दिन जब भारत ने अपनी पहली पारी खेली थी तब गिल बल्लेबाजी करने नहीं आए थे। ऐसे में भारत की चिंता बढ़ गई थी कि कहीं गिल की चोट गंभीर तो नहीं है। हालांकि, उन्हें बिना किसी परेशानी के देखा गया था। तीसरे दिन जब सुबह श्रीलंकाई टीम अपनी दूसरी पारी खेल रही थी तब गिल को नेट्स पर अभ्यास करते हुए दिखाया था जिसने राहत तो दी थी, लेकिन चिंता पूरी तरह से दूर नहीं हुई थी।
तीसरे और आखिरी दिन तीसरे सेशन में जब टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी तो यशस्वी के साथ गिल ओपनिंग करने आए। गिल टेस्ट में ओपनिंग नहीं करते हैं। वह अब नंबर-4 पर खेलते हैं। चूंकि उनको इस मैच में अभ्यास का मौका नहीं मिला था इसलिए वह ओपनिंग करने आ गए।
लय हासिल करने की कोशिश
गिल कोशिश करेंगे कि वह सीरीज से पहले जो एक सेशन मैच प्रैक्टिस का मौका मिला है उसका पूरा फायदा उठाएं और लय हासिल करें। गिल का फॉर्म में होना भारत के लिए काफी जरूरी है। वह इस टीम के मुख्य बल्लेबाज हैं। कुछ यही हाल यशस्वी जायसवाल का है। यशस्वी पहली पारी में पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। उनकी भी कोशिश होगी कि वह लय हासिल करें।





