लाहिरू उदारा का शानदार शतक, श्रीलंका ने वेस्टइंडीज पर बनाई पकड़

सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा के शानदार शतक के दम पर श्रीलंका क्रिकेट टीम ने नॉर्थ साउंड मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन मजबूत स्थिति हासिल कर ली है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने पांच विकेट खोकर 338 रन बना लिए हैं।

उदारा के अलावा कामिंडू मेंडिस ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को मजबूत किया। दिन का खेल खत्म होने तक कुसल मेंडिस और सोनल दिनुशा क्रीज पर थे। कुसल मेंडिस का खाता नहीं खुला है जबकि दिनुशा पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।

उदारा और मेंडिस ने टीम को संभाला

पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही थी। उसने 25 रनों तक ही अपने दो विकेट खो दिए थे। निशान मदुश्का छह रन बनाकर आउट हो गए। वहीं दिनेश चंडीमल भी सिर्फ एक रन ही बना सके। यहां से फिर उदारा और कामिंडू मेंडिस ने पारी को बुना और तीसरे विकेट के लिए 215 रन जोड़े। कामिंडू मेंडिस 240 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 120 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए।

उनके बाद आए धनंजय डी सिल्वा ने भी उदारा का साथ दिया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की।

उदारा नहीं ठोक सके दोहरा शतक

उदारा जिस शानदार अंदाज से बल्लेबाजी कर रहे थे उसे देख लग रहा था कि वह दोहरा शतक पूरा कर लेंगे। हालांकि, अल्जारी जोसेफ की एक गेंद ने उनका ये सपना पूरा नहीं होने दिया। जोसेफ ने एक छोटी गेंद फेंकी जिसे उदारा ने पुल किया। गेंद ने उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लिया और शामार जोसेफ ने उनका कैच लपक लिया। उदारा ने 248 गेंदों का सामना कर 21 चौके और पांच छक्कों की मदद से 188 रन बनाए। 

उनका विकेट 333 के कुल स्कोर पर गिरा। इसी स्कोर पर जेडन सील्स ने धनंजय को भी पवेलियन की राह दिखाई। वह 90 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 33 रन बना सके। इसके बाद कुसल मेंडिस और सोनल दिनुशा ने श्रीलंका को कोई और झटका नहीं लगने दिया।

वेस्टइंडीज के लिए शमारा जोसेफ ने दो विकेट लिए। सील्स, अल्जारी और जस्टीन ग्रीव्स के हिस्से एक-एक सफलता आई।

Back to top button