अफगानिस्तान का पाकिस्तान को करारा जवाब, बलूचिस्तान में ISIS के ठिकानों पर किए हमले

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह रूप लेता हुआ नजर आ रहा है। इसी बीच बुधवार को अफगानिस्तान की तालिबान सेना ने पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर ताजा हवाई हमले किए। जानकारी के अनुसार अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में ISIS के ठिकानों पर हमले किए, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है।

बता दें कि अफगानिस्तान की तरफ से ये हमला ऐसे समय में किया गया है, जब अभी हाल में ही पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। उस हमले में कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत हो गई थी।

अफगानिस्तान का दावा- आतंकियों के ठिकानों को बनाया निशाना

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह हमले बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में सक्रिय आतंकी संगठन ‘इस्लामिक स्टेट खुरासान’ (IS-K) के ठिकानों पर किए गए।

अफगानिस्तान का कहना है कि इन ठिकानों से अफगानिस्तान के आम नागरिकों पर हमलों की साजिश रची जा रही थी। अफगानिस्तान ने दावा किया कि उनके हमले बेहद सटीक थे, जिसमें आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है और किसी भी आम नागरिक की जान नहीं गई है।

पाकिस्तान की जवाबी चेतावनी

दूसरी तरफ, पाकिस्तान की सेना ने कहा कि उसने सीमा पार से आए चार साधारण ड्रोनों को मार गिराया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आगे भी ऐसी कोई उकसावे वाली कार्रवाई हुई, तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

पहले भी हो चुकी हैं झड़पें

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच पिछले अक्टूबर में युद्धविराम हुआ था, जिससे कुछ महीनों तक शांति रही। लेकिन ताजा हमलों ने तनाव को फिर से बढ़ा दिया है। इससे पहले इसी साल फरवरी और जून में भी दोनों देशों के बीच भारी गोलाबारी और हवाई हमले हुए थे, जिसमें दोनों तरफ के दर्जनों लोग और आतंकी मारे गए थे।

Back to top button