उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल: गढ़वाल मंडलायुक्त, दो जिलों के डीएम समेत 29 तबादले

उत्तराखंड में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। धामी सरकार ने गढ़वाल मंडलायुक्त, दो जिलों के डीएम समेत 29 आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अफसरों के तबादले कर दिए। शनिवार की देर रात कार्मिक विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए।

गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे की जगह अब आनंद स्वरूप को मंडलायुक्त बनाया गया है। विनय शंकर को अब स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे रिलीव होने के बाद उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून में जिलाधिकारी सविन बंसल अब सचिव नियोजन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी जगह नागरिक उड्डयन विभाग से आईएएस आशीष चौहान को डीएम देहरादून बनाया गया है। इसी प्रकार, बागेश्वर डीएम आकांक्षा कोंडे को अब महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है। उनकी जगह शासन में अपर सचिव अपूर्वा पांडे को बागेश्वर जिलाधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को सरकार ने सचिव उच्च शिक्षा विभाग की भी जिम्मेदारी सौंपी है। सचिव रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा ले ली गई। वे केवल तकनीकी शिक्षा देखेंगे। आईएएस सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी ली गई है। बाकी मेला अधिकारी व अन्य विभाग बरकरार रहेंगे। आईएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम लिया गया है। वे अपर सचिव तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा संभालते रहेंगे। आईएएस संजय कुमार को कौशल विकास के साथ निदेशक समाज कल्याण की भी जिम्मेदारी दी गई है।

आईएएस अभिषेक रुहेला अब पर्यटन के साथ ही मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई होंगे। आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन भी दिया गया है। अपर सचिव आईटी आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त नगर निगम बनाया गया है। नगर आयुक्त नमामि बंसल अब अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा होगी। आईएएस संदीप तिवारी से समाज कल्याण हटाकर मिशन निदेशक एनएचएम बनाया गया है। आईएएस दीप्ति सिंह से विद्यालीय शिक्षा हटाकर निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, एमडी अल्पसंख्यक कल्याण, कल्याण निगम, निदेशक खेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आईएएस प्रतीक जैन से एमडी जीएमवीएन हटाकर आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। आईएएस प्रवीन कुमार से अपर नगर आयुक्त देहरादून का पदभार वापस लिया गया है। वे अपर निदेशक शहरी विकास बने रहेंगे।

परिवहन निगम के एमडी समेत 10 तबादले
सरकार ने आठ पीसीएस और दो सचिवालय सेवा के अफसरों के भी तबादले किए। पीसीएस गिरधारी सिंह रावत से अल्पसंख्यक हटाकर उन्हें कार्मिक के साथ अब अपर सचिव आईटी दिया गया है। पीसीएस इलागिरी से रेरा सचिव हटाकर निदेशक दुग्ध विकास, निदेशक महिला डेयरी बनाया गया है। पीसीएस सुंदरलाल से निदेशक उद्यान हटाकर अपर सचिव सचिवालय प्रशासन बनाया गया है। सचिवालय सेवा के महावीर चौर को अपर सचिव लोक निर्माण विभाग की भी जिम्मेदारी दी गई। सचिवालय सेवा के सुनील सिंह से सचिवालय प्रशासन विभाग हटाकर उन्हें गृह विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। पीसीएस फिंचाराम को एडीएम हरिद्वार से हटाकर एडीएम पौड़ी भेजा गया है। पीसीएस अनिल गर्ब्याल को एडीएम पौड़ी से हटाकर परिवहन निगम एमडी बनाया गया है। एसडीएम हरिद्वार जितेंद्र कुमार को एडीएम हरिद्वार, एसडीएम देहरादून योगेश मेहरा को एसडीएम हरिद्वार, एसडीएम नैनीताल प्रमोद कुमार को एसडीएम चंपावत भेजा गया है।

आईएएस सचिन कुर्वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए
2013 बैच के आईएएस सचिन कुर्वे को प्रदेश सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त कर दिया है। वे वर्तमान में सचिव स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत उन्हें चेन्नई पोर्ट अथारिटी में चेयरपर्सन बनाया गया।

Back to top button