हंटावायरस के बाद Norovirus की एंट्री, फ्रांस में क्रूज शिप पर पेट संक्रमण का खतरा

 दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में एक क्रूज शिप पर संभावित पेट संक्रमण के मामले सामने आने के बाद करीब 1700 यात्रियों को जहाज पर ही रोक दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कई यात्रियों में गैस्ट्रोएन्टराइटिस जैसे लक्षण पाए गए हैं।

‘एम्बिशन’ नाम का यह क्रूज शिप 8 और 9 मई को ब्रिटेन के बेलफास्ट और लिवरपूल से यात्रियों को लेकर फ्रांस और स्पेन की यात्रा पर निकला था।

फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र की स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, जहाज पर लगभग 50 यात्रियों में तेज पेट खराब होने और उल्टी-दस्त जैसे लक्षण देखे गए।

यात्रियों को कमरों में किया गया आइसोलेट

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि लक्षण सामने आते ही प्रभावित यात्रियों की डॉक्टरों द्वारा जांच की गई और उन्हें उनके कमरों में आइसोलेशन में रखा गया।

एहतियात के तौर पर बोर्डो में यात्रियों के उतरने की योजना फिलहाल रोक दी गई है। संक्रमित यात्रियों के सैंपल लेकर बोर्डो यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के संक्रामक रोग विभाग में जांच के लिए भेजे गए हैं।

92 वर्षीय यात्री की मौत

इस बीच, 10 मई को जहाज पर 92 वर्षीय एक यात्री की मौत भी हुई। हालांकि क्रूज ऑपरेटर ‘एंबेसडर क्रूज लाइन’ ने स्पष्ट किया कि मृत यात्री में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी के कोई लक्षण नहीं पाए गए थे।

कंपनी ने बयान जारी कर कहा, ‘मौत के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और कोरोनर की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हम मृतक के परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’

हंटावायरस से कोई संबंध नहीं

फ्रांस की क्षेत्रीय स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि इस घटना का किसी अन्य क्रूज शिप ‘होंडियस’ पर फैले हंटावायरस संक्रमण से कोई संबंध नहीं है।

एंबेसडर क्रूज लाइन ने पुष्टि की कि 14 दिन की यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों में पेट संबंधी बीमारी जैसे लक्षण दिखाई दिए हैं।

Back to top button