चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी को लेकर संजू सैमसन ने पहली बार तोड़ी चुप्पी

संजू सैमसन इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस साल टी20 वर्ल्ड कप-2026 में भी दमदार बल्लेबाजी की थी और भारत को खिताब दिलाने में अहम रोल निभाया था। आईपीएल-2026 में वह चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल रहे हैं और उनका बल्ला यहां भी चल रहा है। इसी को देखते हुए संजू के चेन्नई के कप्तान बनाए जाने की बातें भी रही हैं। संजू ने अब इस मामले पर अपने दिल की बात सामने रखी है।
संजू को चेन्नई ने इस सीजन राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया है। उनके बदले टीम ने अपने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन को दिया था। करन चोट के कारण मौजूदा आईपीएल सीजन में नहीं खेल रहे हैं।
चेन्नई की कप्तानी को लेकर बोले संजू
सीएसके के पॉडकास्ट पर संजू से तब टीम की कप्तानी करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये बात उनके दिमाग में नहीं आई है। दाएं हाथ के इस तूफानी बल्लेबाज ने कहा, “नहीं। मेरे पास पहले ही एक टीम थी। मेरे पास पहले ही पद था। मैं बस यहां आना चाहता था और टीम के साथ जुड़ना चाहता था। इस बदलाव में आपकी मांगें नहीं हो सकती हैं। ईमानदारी से कहूं तो आप एक नए घर में जा रहे हैं और जब आप एक नए घर में जाते हैं तो मांगों के साथ नहीं जा सकते। मैंने यही सीखा है।”
अपना बेस्ट देने की कोशिश
संजू ने चेन्नई के साथ शुरुआत तो अच्छी नहीं की थी, लेकिन बाद में लय हासिल की। उन्होंने दो शानदार शतकीय पारियां खेलीं और उनकी फॉर्म ने चेन्नई को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखा है। संजू ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि वह कहीं भी खेलें अपना बेस्ट दें।
संजू ने कहा, “आप जाते हैं और अपनी अहमियत साबित करने की कोशिश करते हैं। आप उस तरह से व्यवहार करने की कोशिश करते हैं जैसे आप हैं। आप अपना 100 प्रतिशत देने की कोशिश करते हैं। कई सारे मलयाली चेन्नई में काम करते हैं, दुबई में काम करते हैं। आप एक मलयाली को चुनते हैं तो इसके पीछे वजह होती है कि वह आपके विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करते हैं। चेन्नई ने मुझ पर विश्वास किया और मुझे बुलाया। मैं यहां अपना सब कुछ देने को तैयार हूं।”





