दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचीं कोलकाता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुँचीं। हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “मैं बंगाल और यहाँ की उन बेटियों के लिए बहुत खुश हूँ जिन्होंने पिछले 15 वर्षों के अत्याचारों को सहा है।
आज बंगाल का दिन है, जहाँ अब विकास और विश्वास होगा। शुभेंदु अधिकारी सरकार के तहत अब बंगाल में भ्रष्टाचार और अत्याचार का अंत हो गया है।”
अपनी नियुक्ति के बाद अधिकारी ने कहा
“मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष और अमित शाह जी का आभार व्यक्त करता हूँ। प्रधानमंत्री के आशीर्वाद और सभी विधायकों के समर्थन से मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। हम चुनाव के दौरान जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।” शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। 2021 के इतिहास को दोहराते हुए, इस बार उन्होंने भवानीपुर सीट से निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।





