Amazon, Zomato और Swiggy ने डिलीवरी बॉय के लिए उठाया बड़ा कदम! 

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के बीच तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन व्यापार और त्वरित वितरण क्षेत्र से जुड़े लाखों अस्थायी कर्मचारियों (गिग वर्कर) की कार्य परिस्थितियां फिर चर्चा में हैं। शहरों में दोपहिया वाहनों पर डिलीवरी करने वाले इन कर्मचारियों को गर्मी के मौसम में पानी की कमी, थकावट और लू लगने का अधिक खतरा रहता है।

समय पर डिलीवरी के दबाव और तय लक्ष्यों के कारण उन्हें दिन के सबसे गर्म समय में भी काम करना पड़ता है, जबकि रास्ते में पीने के साफ पानी और छाया जैसी सुविधाएं अक्सर उपलब्ध नहीं होतीं। इस स्थिति को देखते हुए ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन, जोमैटो, स्विगी और जेप्टो जैसी प्रमुख कंपनियों ने अपने अग्रिम पंक्ति के कार्यबल को राहत देने के लिए कई विशेष उपायों की घोषणा की है।

अमेजन ने 100 वातानुकूलित विश्राम केंद्र शुरू किए
अमेजन ने ‘प्रोजेक्ट आश्रय’ के तहत प्रमुख शहरों में 100 वातानुकूलित विश्राम केंद्र शुरू किए हैं, जहां बैठने की सुविधा, शौचालय और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। कंपनी के अनुसार, इन केंद्रों का उपयोग अन्य कंपनियों के डिलीवरी कर्मी भी कर सकते हैं। कंपनी ने कहा कि इन केंद्रों पर हर महीने डेढ़ लाख से अधिक डिलीवरी कर्मियों को स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही, देशभर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जहां चिकित्सक उन्हें गर्मी से बचाव के उपाय बताते हैं। इसी तरह, जोमैटो ने अपने रेस्तरां साझेदारों और अन्य कंपनियों के साथ मिलकर 5,000 से अधिक विश्राम स्थल तैयार किए हैं, जहां छाया और पानी की सुविधा उपलब्ध है।

जोमैटो और ब्लिंकिट अस्पताल में भर्ती सहित उपचार सुविधाएं भी दी जा रही
जोमैटो और ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अस्पताल में भर्ती सहित उपचार सुविधाएं भी दी जा रही हैं। बिगबास्केट ने अपने केंद्रों पर विश्राम स्थल बनाए हैं, जहां बैठने, हवा और पेयजल की व्यवस्था है। त्वरित वाणिज्य कंपनी जेप्टो अपने गोदामों और केंद्रों को उन्नत कर रही है, जहां ठंडक के लिए कूलर और गर्मी से बचाव के उपाय किए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और विश्राम की सुविधा उपलब्ध है तथा लू और पानी की कमी जैसी बीमारियों के लिए बीमा भी दिया जा रहा है। कुछ कंपनियां पहनने योग्य राहत साधनों पर भी काम कर रही हैं। स्विगी और अन्य कंपनियों ने ठंडक देने वाले विशेष जैकेट उपलब्ध कराए हैं, जिनसे शरीर का तापमान कुछ समय के लिए कम किया जा सकता है।

Back to top button