दिल्ली ने राजस्थान को घर में पटक किया बड़ा कमाल, रॉयल्स के नाम भी आए अनचाहे रिकॉर्ड

मौजूद विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध महज 75 रन पर सिमटने वाली दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैदान पर जमकर हल्ला बोला। पथुम निसंका (62) और केएल राहुल (75) की दमदार पारियों की बदौलत दिल्ली ने राजस्थान को सात विकेट से हराकर जीत की पटरी पर वापसी की और रिकॉर्ड बना दिया।

दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर 225 रन बनाए। दिल्ली ने 19.1 ओवरों में ये टारगेट तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

नाम किया रिकॉर्ड

इसी के साथ दिल्ली ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड कर लिया। ये उसका आईपीएल इतिहास में अभी तक का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले उसने विशाखापट्टनम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 210 रनों का टारगेट हासिल किया था। 2017 में उसने गुजरात लायंस के खिलाफ 209 रनों चेज किए थे। पिछले सीजन भी इस टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 207 रनों का टारगेट हासिल किया था।

राजस्थान के नाम भी रिकॉर्ड

इस मैच में सिर्फ दिल्ली के नाम ही रिकॉर्ड नहीं हुए। राजस्थान ने भी कुछ रिकॉर्ड बनाए हैं जो कोई भी टीम अपने नाम नहीं करना चाहेगी। ये राजस्थान के खिलाफ आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा चेज है। इस मामले में पहले नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम है जिसने राजस्थान के खिलाफ इस सीजन इसी मैदान पर 229 रनों का टारगेट हासिल किया था।

राजस्थान को अपने घरेलू मैदान रास नहीं आ रहा है। उसने 2025 से यहां सात मैच खेले हैं जिसमें से छह में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

Back to top button