Dhurandhar 2 को मात देने का मेकर्स का मास्टर प्लान

यश की पैन इंडिया रिलीज फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) की रिलीज डेट एक बार फिर से टल गई है। ‘धुरंधर 2’ के साथ टकराव से बचने के लिए मेकर्स ने मूवी को 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज करने का निर्णय लिया था।
हालांकि, ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने अब एक बार फिर से फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है, लेकिन इसका कारण उनका डर नहीं, बल्कि एक जबरदस्त स्ट्रेटेजी है, जिससे वे ‘धुरंधर 2’ (Dhurandhar 2) को बॉक्स ऑफिस पर धूल चटा सकते हैं।
यश ने टॉक्सिक के टलने की खबर फैंस को दी
केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट को 4 जून से टालकर आगे बढ़ाने की वजह सिनेमाकॉन में फिल्म को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स है। इसके बाद मेकर्स ने यह फैसला लिया है ताकि फिल्म को इंटरनेशनल स्केल पर रिलीज करने का मौका मिले। यही वजह है कि मेकर्स ने रिलीज स्ट्रेटेजी को फिर से प्लान और अलाइन करने का फैसला किया है। यश ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर रिलीज डेट टालने की जानकारी शेयर करते हुए एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा,
“कुछ फिल्में हम बना रहे हैं, और कुछ फिल्में हमें याद दिलाती हैं कि हमें सिनेमा से प्यार क्यों हुआ था। ‘टॉक्सिक’ मेरे लिए ऐसी ही एक जर्नी रही है। सिनेमाकॉन में फिल्म को प्रेजेंट करना और वहां से इतना बड़ा ग्लोबल रिस्पॉन्स मिलना, हमारे विश्वास को और मजबूत करता है कि यह फिल्म पूरी दुनिया तक अपने सही पोटेंशियल के साथ पहुंचनी चाहिए।”
पूरी तरह से बनकर तैयार है फिल्म
यश ने अपने इस पोस्ट में आगे लिखा, “टॉक्सिक पूरी हो चुकी है और हम अभी इस चीज पर काम कर रहे हैं कि ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और पार्टनरशिप को कैसे अलाइन किया जाए। इसी वजह से हमने फिल्म रिलीज की टाइमलाइन पर दोबारा विचार करने का फैसला किया है। जैसा कि मैंने पहले भी बताया कि हम यह फिल्म 4 जून को रिलीज नहीं कर रहे हैं, लेकिन जल्द ही ग्लोबल रिलीज डेट के साथ हम आपके पास थिएटर्स में लौटेंगे।”
यश ने ‘धुरंधर 2’ की तरफ इशारा करते हुए आगे लिखा, “आज के समय में इंडियन सिनेमा जहां ग्लोबल स्तर पर अच्छा कर रहा है, तो हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम इस लेवल को और ऊपर ले जाएं। एक एक्टर और निर्माता के तौर पर मेरे लिए यह एक मौका है कि हम इसे उस स्तर तक ले जाएं, जिसके लिए यह बनी है।”
‘धुरंधर 2’ से बड़ा खुलेगा टॉक्सिक का खाता
यश की ‘टॉक्सिक’ की नई रिलीज डेट को लेकर मेकर्स ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की है, लेकिन अब देखना यह है कि ‘केजीएफ 2’ (KGF 2) से ग्लोबल स्टार बने यश और उनके मेकर्स की यह स्ट्रेटेजी ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब होती है या नहीं।





