श्योपुर हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया शोक…

श्योपुर : मध्य प्रदेश के जिला श्योपुर में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे को लेकर सीएम मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। हादसे में 4 महिलाओं की मौत हो गई है जबकि 2 दर्जन लोग घायल हुए हैं। सीएम मोहन ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता करने की घोषणा की है। साथ ही गंभीर घायलों को 1 लाख रुपए की मदद करने का ऐलान किया है। 

सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, ‘श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिलाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में जो घायल हुए हैं, उनको उपचार प्रदान किया जा रहा है।’

बता दें कि अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसके नीचे दबने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद से हड़कंप मच गया।

विजयपुर भात देने जा रही लोगों से भरी ट्रॉली पलटी

जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में सवार सभी लोग वीरपुर से विजयपुर के बडौदा भात देने जा रहे थे। इसी दौरान वीरपुर के घूघस से विजयपुर के झारबड़ौदा गांव जाते समय  बंधपुरा मोड पर ये दिल को दहलाने वाला हादसा हो गया।  प्राथमिक उपचार के बाद 12 लोगों को ग्वालियर रैफर कर दिया है। हादसे के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई. लोगो चीख-पुकार करने लगे और मदद के लिए लोगों को पुकारने लगे। इसी दौरान नीचे दबने की वजह से चार महिलाओं की मौत हो गई।

Back to top button