संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला दो दिन से लापता युवक का शव

कुलपहाड़/महोबा। थाना क्षेत्र अन्तर्गत लमौरा-बछेछर रोड पर सड़क किनारे स्थित खेत में दो दिन से लापता युवक शव पड़ा मिलने से हड़कम्प मच गया। मृतक की पहचान धीरज सोनी (23) पुत्र राजू सोनी निवासी बजरिया जैतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धीरज दो दिन पहले रहस्यमय ढंग से घर से गायब हो गया था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे थे और पुलिस को भी तहरीर दी गई थी।
शुक्रवार को कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के लमौरा और बछेछर खुर्द गांव के बीच खेत में युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास ही उसकी बाइक और मोबाइल भी पड़े मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है





