ब्रेकर से उछली बाइक, महिला गंभीर घायलपति और दो बच्चों के साथ जा रही थी, जिला अस्पताल रेफर।

पनवाड़ी (महोबा): पनवाड़ी थाना क्षेत्र में एनएच हरपालपुर रोड पर बने ब्रेकर के कारण एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिलरख, जनपद हमीरपुर निवासी 33 वर्षीय रश्मि, पत्नी मुन्ना, अपने पति और दो मासूम बच्चियों के साथ किसी काम से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थीं। इसी दौरान पनवाड़ी थाना क्षेत्र में एनएच हरपालपुर रोड पर बने एक ब्रेकर पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
तेज झटके के कारण रश्मि बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरने के बाद वह कुछ समय के लिए अचेत हो गईं और उनके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें 102 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बना यह ब्रेकर मानकों के अनुरूप नहीं है और इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से ब्रेकर को ठीक कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।





