भोपाल: जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में सीएम यादव ने 244 करोड़ की दी सौगात

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शनिवार को आलीराजपुर में आयोजित जिला स्तरीय जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। कार्यक्रम छित्तू किराड़ कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा और छित्तू सिंह किराड़ की प्रतिमाओं का लोकार्पण किया। इसके बाद वे विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, भूमि पूजन और हितग्राहियों को लाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम ने यह भी कहा कि अंग्रेज चले गए लेकिन कांग्रेस छोड़ गए। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस ने किसी आदिवासी नायक को उचित सम्मान नहीं दिया, जबकि आज हम आदिवासी नायकों की जयंती मना रहे हैं तो उन्हें आपत्ति होती है। उन्होंने आगे कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती पर मिलने वाला उत्साह किसी बड़े त्योहार से कम नहीं है। छित्तू किराड़ के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हजारों आदिवासियों को संगठित कर अंग्रेजों को चुनौती दी थी।

कांग्रेस पर तीखे बयान
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बिहार में हालिया चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस को करारी हार मिली है और जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वोट के अधिकार को लेकर बिहार को बदनाम करने वालों को जनता ने जवाब दे दिया है। अब कांग्रेस का राजकुमार घर जाने की तैयारी करे।

योजनाओं और घोषणाओं का उल्लेख
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कैबिनेट मंत्री नगर सिंह चौहान की मांग पर हर पंचायत में पांच कपिल धारा कुओं की संख्या बढ़ाकर 20 करने की घोषणा की। उन्होंने भावांतर योजना और लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इन योजनाओं पर सवाल उठाती रही, लेकिन भाजपा सरकार ने वादे पूरे करके दिखाए। सीएम ने कहा कि दीपावली के बाद लाड़ली बहनों के खातों में ₹1500 की राशि पहुंचाई गई, जैसा वादा किया था।

244.51 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन
कार्यक्रम में जिले को कुल 244.51 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। इसमें 194.78 करोड़ के 104 कार्यों का लोकार्पण और 73 करोड़ की लागत से 51 नए कार्यों का भूमि पूजन इन परियोजनाओं में शैक्षणिक भवन, छात्रावास, पंचायत भवन, विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, अटल टिकटिंग लैब और प्रशासनिक अवसंरचना से जुड़े निर्माण शामिल हैं। जोबट के ग्राम बड़ागुड़ा में 33/11 केवी सब-स्टेशन का लोकार्पण भी किया गया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा, कट्ठीवाड़ा में 10 बिस्तरों वाले आयुष अस्पताल के निर्माण का भूमि पूजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker