कैबिनेट बैठक: सीएम यादव ने ओंकारेश्वर परियोजना को दी मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। कैबिनेट ने लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। अब बहनों को 1250 रुपये के स्थान पर 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान कर दी है। मध्य प्रदेश में अभी 1.26 करोड़ लाडली बहने हैं। अभी तक लाडली बहनों को 44 हजार करोड़ रुपये की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से राशि ट्रांसफर करेंगे। मंत्री ने लाडली बहना योजना में छूटे पात्र नाम जोड़ने के सवाल पर कहा कि समय पर सरकारी निर्णय लेंगे।

भावांतर योजना में किसानों के खाते में डालेंगे राशि
कैबिनेट ने किसानों के हित में भावांतर योजना को और मजबूत करते हुए 4036 रेट को लागू किया है। इसे प्रदेश में ‘रोल मॉडल योजना’ के रूप में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को देवास से किसानों के खातों में भावांतर की राशि ट्रांसफर करेंगे।

मांधाता में जिला न्यायालय खोलने का निर्णय
जनहित में एक और अहम निर्णय लेते हुए कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में जिला न्यायालय खोलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इसके लिए सात नये पद सृजित किए गए हैं।

भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राज्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम जबलपुर और आलीराजपुर में आयोजित होंगे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की बढ़ी लागत को मंजूरी
कैबिनेट ने आदि शंकराचार्य को समर्पित ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी दी है। पहले इस परियोजना की लागत 2195 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 2424.369 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसमें 228 करोड़ की लागत बढ़ गई है। साथ ही सभी शासकीय भवनों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। अभी जिला स्तर पर शुरुआत होगी। जिला मुख्यालयों पर 20 किलोवाट के प्लांट लगेंगे। मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ को सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

सीएम का गुजरात दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 नवंबर को गुजरात के केवड़िया जाएंगे, जहां वे होने वाले विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में मध्य प्रदेश के 70 कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker