अधिक किराया वसूलने पर कैब संचालकों पर कार्रवाई

बारिश के दौरान मुंबई में ऐप आधारित कैबों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कैब संचालकों ने भारी बारिश के दौरान अधिक अधिभार लगाया था और अपने किराये में कई गुना वृद्धि की थी। मामले में परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कम से कम 147 एप-आधारित कैब ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिनमें से 36 को यात्रियों से अत्यधिक किराया वसूलते हुए पाया गया। कैब कंपनियों के खिलाफ परिवहन संकट का फायदा उठाकर किराया बढ़ाने की कई शिकायतें सामने आईं। कुछ मामलों में, जो किराया आमतौर पर 200 रुपये होता है, वह कई गुना बढ़कर 600-800 रुपये तक पहुंच गया। शिकायतों पर मंत्री सरनाईक ने मोटर परिवहन विभाग को ऐसी कैब सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। दो दिनों में परिवहन विभाग और पुलिस ने 147 ऐप-आधारित कैब सेवाओं के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से 36 कैब ऑपरेटरों ने मुंबई और उपनगरों में यात्रियों से ज्यादा पैसे वसूले थे।

पालघर फार्मा इकाई में गैस रिसाव मामले में कंपनी के चार अधिकारियों पर मुकदमा
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दवा कारखाने में नाइट्रोजन गैस रिसाव के एक दिन बाद पुलिस ने शुक्रवार को कंपनी के चार वरिष्ठ कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस घटना में चार श्रमिकों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। बोईसर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि फार्मा कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है और अभी तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुई है। गुरुवार दोपहर मुंबई से लगभग 130 किलोमीटर दूर बोईसर औद्योगिक एस्टेट के प्लॉट संख्या 13 पर स्थित मेडली फार्मा में नाइट्रोजन रिएक्शन टैंक से दोपहर 2.30 से 3 बजे के बीच गैस लीक हुई, जिससे छह कर्मचारी गंभीर रूप से प्रभावित हुए। श्रमिकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चार की मौत हो गई।

मंत्री नितेश राणे कंकावली में जुए पर छापेमारी करने पहुंचे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई वाली सरकार में मंत्री नितेश राणे कंकावली में जुआ खेलने की खबर मिलने पर छापेमारी करने पहुंचे। सिंधुदुर्ग जिले के कंकावली में एक ‘मटका’ जुआ अड्डे पर पहुंचे नितेश राणे को अचानक देखकर संचालकों के बीच हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। महाराष्ट्र विधानसभा में कंकावली का प्रतिनिधित्व करने वाले राणे संरक्षक मंत्री भी हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान 12 लोगों को हिरासत में लिया गया। इस मामले में कानून की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुणे में तीन मजदूरों की मौत
पिंपरी चिंचवाड़ के निगडी इलाके में भूमिगत बीएसएनएल ऑप्टिकल फाइबर डक्ट में बीते 15 अगस्त को दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत के बाद पुणे पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि रमेश शिवाजी पाटिल (46) को भूमिगत डक्ट नेटवर्क के माध्यम से ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का ठेका दिया गया था। डक्ट चैंबर कई दिनों तक सील रखा गया, इसके बावजूद बिना सुरक्षा जांच के उसे दोबारा खोला गया। सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन करते हुए ठेकेदार पाटिल ने अप्रशिक्षित श्रमिकों को तैनात किया। पुलिस के मुताबिक चिंचवाड़ निवासी लखन असरुबा धावरे (35) और दत्तात्रेय विजयकुमार होनाले (35) तथा बिजलीनगर निवासी साहेबराव संभाजी गिरशेटे (35) को डक्ट में भेजा गया। 10 गुणा 10 के इस अंडरग्राउंड डक्ट में पानी भरा था। तीनों मजदूर जहरीले धुएं की चपेट में आ गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मुंबई: डिजिटल अरेस्ट कर महिला से 7.8 करोड़ रुपये ठगे, एक गिरफ्तार
दक्षिण मुंबई निवासी 81 वर्षीय महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 7.8 करोड़ की ठगी में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मलाड के मालवणी निवासी कार्तिक चौधरी के रूप में हुई है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस को बड़े पैमाने पर रकम ट्रांसफर की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम महिला के घर पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker