वाहन चलाते नहीं पहना हैल्मेट तो कटेगा वेतन, एनईए ने जारी किया सर्कुलर

नोएडा, नोएडा में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) ने बड़ा कदम उठाया है। एनईए नोएडा में कारोबारियों से जुड़ा सबसे बड़ा संगठन है। जिसने संगठन से जुड़े कारोबारियों को पत्र जारी कर कहा कि यदि कोई कर्मचारी या श्रमिक दो पहिया वाहन से हैल्मेट लगाकर नहीं आता है तो से फैक्ट्री में प्रवेश नहीं दिया जाए। उसका एक दिन का वेतन काट लिया जाए। उसे जागरूक किया जाए कि वो हमेशा हैल्मेट पहनकर वाहन चलाए।
नोएडा में करीब 5 हजार से ज्यादा रजिस्टर्ड एमएसएमई इंडस्ट्री है। इसके अलावा बड़ी संख्या में नामी इंडस्ट्री है। जिनमें करीब 14 लाख से ज्यादा श्रमिक , कर्मचारी काम करते है। इनमें से 3600 कंपनियां एनईए की सदस्य है। जाहिर है इन कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों को इन नियमों का पालन करना होगा। ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। बतौर हर फैक्ट्री में गार्ड की ये जिम्मेदारी तय की गई। वो देखेंगे की दो पहिया वाहन से आने वाला श्रमिक हैल्मेट पहनकर आया है या नहीं। हैल्मेट पहनकर नहीं आने पर कर्मचारी और श्रमिक को फैक्ट्री में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ये प्रयास किए जा रहे है। ताकि लोग सुरक्षित सड़कों पर चले और काम करने वापस घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अधिकांश मौत का कारण दुर्घटना के समय हैल्मेट का प्रयोग नहीं करने से होता है।
इससे पहले एआरटीओ विभाग की ओर से नोएडा में नो हैल्मेट नो फ्यूल अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नोएडा के सभी पेट्रोल पंप पर इस तरह के पोस्टर और बैनर लगे है। यहां पेट्रोल पंप पर बिना हैल्मेट पहने वाहन चालकों को फ्यूल नहीं दिया जा रहा है।