दिल्ली में नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में 62 साल का व्यक्ति हुआ गिरफ्तार

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सरोजिनी नगर में एक 62 वर्षीय व्यक्ति को 16 वर्षीय लड़की के साथ बार-बार यौन उत्पीड़न(Sexual Assault) करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि अपराध का खुलासा तब हुआ जब लड़की के गर्भवती होने का पता चला।
6 फरवरी को, पुलिस को एक अस्पताल से सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की को भर्ती कराया गया है जो गर्भवती पाई गई। स्थानीय पुलिस स्टेशन की एक टीम अस्पताल गई और डॉक्टर से बात की। जांच अधिकारी ने पीड़िता से मुलाकात की, जिसने शुरू में दावा किया कि वह एक साल से एक लड़के के साथ सहमति से संबंध में थी। हालांकि,उसका बयान बाद में झूठा पाया गया।
अपने बयान में लड़की ने पुलिस को बताया कि वह सरोजिनी नगर में अपनी मां और भाई के साथ रहती है। उसकी मां एक नौकरानी के रूप में काम करती है और उसका भाई एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। उसकी मां उसे सफदरजंग अस्पताल ले गई जहां मेडिकल जांच हुई। पता चला कि वह दो महीने की गर्भवती है। उसने बताया कि चार महीने पहले उसके पड़ोसी ने उसे दुकान से सामान लाने के बहाने फुसलाया फिर उसे अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती यौन संबंध बनाए, और उसे धमकी भी दी।
आरोपी के डर से,लड़की ने शुरू में डॉक्टरों को झूठा बयान दिया। सरोजिनी नगर पुलिस स्टेशन में बीएनएस और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने एसएचओ (सरोजिनी नगर) अतुल त्यागी के तहत एक टीम का गठन किया, जिसने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, लड़की ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया। आरोपी एक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है।