MP के ग्वालियर में परिवार के सदस्यों के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत, तीन घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में परिवार के सदस्यों के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला। सदस्यों के बीच हुए भीषण खून-खराबे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि लड़ाई की वजह 60 करोड़ रुपए की कीमत वाली बेशकीमती जमीन है, जिसके बारे में पंचायत चलते समय विवाद बढ़ा और फिर खूनी रूख अख्तियार कर लिया।

दरअसल ग्वालियर के एक यादव परिवार और उनके नजदीकी रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत की बैठक हो रही थी। तभी दो भाइयों हुकुम सिंह और रामू यादव के बीच में विवाद बढ़ गया। इस बीच हुकुम सिंह ने परिवार की कुछ महिलाओं सहित रामू और दिनेश पर षडयंत्र करके हमला करने का आरोप लगाया। और फिर विवाद बढ़ता ही चला गया और गोलियां चलने तक की नौबत आ गई।

बताया गया कि साल 1979 में मजबूत सिंह द्वारा करीब 17 बीघा जमीन खरीदी गई, लेकिन मजबूत सिंह ने जमीन को अपने बड़े बेटे के नाम करवा दिया, क्योंकि छोटा बेटा नाबालिग था। फरियादी हुकुम सिंह का आरोप है कि बड़े भाई और उसकी पत्नी सहित उनके बच्चों में जमीन को लेकर लालच पैदा हो गया। इसके बाद उन्होंने जमीन की षडयंत्र पूर्वक डिक्री करा ली। इसके कारण साल 2017 से हुकुम सिंह और रामू यादव के बीच विवाद चल रहा था।

इसी विवाद को लेकर कुछ नजदीकी रिश्तेदारों की मौजूदगी में गिरवाई थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में पंचायत बैठी थी। इसी दौरान रामू यादव, दिनेश यादव और उनके परिवार की महिलाओं कमला देवी एवं रजनी आदि ने पिस्टल बंदूक और अवैध हथियारों से लैस होकर हुकुम सिंह और उनके अन्य भाई भतीजों पर हमला बोल दिया। इसमें गोली लगने से पुरुषोत्तम यादव की मौत हो गई। इस हादसे में शिवचरण, बालमुकुंद एवं धीरज घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के रामू यादव को भी पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हुकुम सिंह का आरोप है कि रामू ने खुद ही अपने पैर में गोली मारी है। घटना की जानकारी मिलते ही गिरवाई पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और पीड़ित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी सुरेंद्र नाथ सिंह यादव ने बताया कि फरियादी हुकम सिंह के मुताबिक आरोपियों के पास एक लाइसेंसी पिस्टल बंदूक और एक अवैध हथियार भी था। जिससे घात लगाकर हमला किया गया है।इस घटना में मुरैना से आया धीरज सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुआ है उसके सिर में गोली लगी है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker