नगर निगम सदन में मुलायम की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर हंगामा

लखनऊ, लखनऊ नगर निगम की सोमवार को हुई कार्यकारिणी की बैठक में पार्षदों ने हंगामा किया। बैठक शुरू होते ही सपा के पार्षदों ने मुंशी पुलिया पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव दिया, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया। जिसके बाद सपा पार्षद और कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र वाल्मीकि और शबा हसन ने कार्यकारिणी का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। इधर, ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म का पेमेंट करने से निगम लेखाकार ने मना कर दिया। हाल में महापौर सुषमा खर्कवाल ने पार्षद और नगर निगम अफसरों को ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म दिखाई थी।
इसके करीब 200 फिल्म टिकट और स्नैक्स का 46 हजार रुपए पेमेंट नगर निगम के खाते से होना था। बैठक में निगम लेखाकार ने कहा कर्मचारियों को फिल्म दिखाने व अन्य खर्चों के भुगतान का प्रावधान नहीं है। इसका भुगतान निगम के खजाने से नहीं किया जाएगा। सुरेंद्र वाल्मीकि ने कहा सामान्य कार्यकारिणी की बैठक हुई, लेकिन किसी विषय पर निष्कर्ष निकलता नहीं दिखा है।
पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम पर मुंशी पुलिया का नाम करने, उनकी आदम कद प्रतिमा लगाने और इस्माइल गंज प्रथम वार्ड मुलायम सिंह के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन मेयर ने नहीं सुना। उनका कहना है कि इसके पहले पूर्व में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सहित अन्य लोगों के नाम पर प्रस्ताव स्वीकार किए गए हैं। प्रस्ताव स्वीकार नहीं होने पर कार्यकारिणी का बहिष्कार किया गया है।