महाराष्ट्र: सांगली के फर्टिलाइजर प्लांट में गैस रिसाव से तीन लोगों की मौत, 9 की हालत नाजुक

महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक केमिकल कंपनी में गैस रिसाव का मामला सामने आया है। गैस रिसाव के कारण तीन लोगों की मौत हो गई, इन तीनों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। बताया जा रहा है कि यह एक फर्टिलाइजर प्लांट था, जिसके रिएक्टर में विस्फोट होने के बाद गैस रिसाव होने लगा।

यह घटना जिले के कडेगांव तहसील के शालगांव एमआईडीसी में म्यांमार केमिकल कंपनी में गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे घटी। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है।

9 का अस्पताल में चल रहा इलाज

पुलिस ने कहा कि उर्वरक संयंत्र में एक रिएक्टर में रासायनिक धुंआ छोड़ते हुए विस्फोट हो गया। कडेगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संग्राम शेवाले के हवाले से कहा, गैस रिसाव के कारण, यूनिट के लगभग 12 लोग प्रभावित हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो महिला कर्मियों और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई है। नौ अन्य का इलाज किया जा रहा था।

क्या था पूरा मामला?

अधिकारी ने बताया कि जान गंवाने वाली दो महिलाओं की पहचान सांगली जिले के येतगांव की 50 साल की सुचिता उथले और सतारा जिले के मसूर की 26 साल की नीलम रेथरेकर के रूप में की गई है। सांगली के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे ने कहा कि गैस के अमोनिया होने का संदेह है।

वहीं इससे पहले महाराष्ट्र के पालघर जिले से भा एक खबर सामने आई थी। वहां एक केमिकल फैक्टरी में आग लगने से छह कर्मचारी घायल हो गए थे, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने इस घटना का जायजा लिया था और बताया कि फैक्ट्री के एक हिस्से में दोपहर 12 बजे आग लग गई। मिली जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker