50 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार

नोएडा, नोएडा में सीआरटी और स्वाट-2 टीम व थाना सेक्टर-20 पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 50 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस गांजा की कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए आंकी जा रही है। तस्कर की पहचान देवराज उर्फ देवा के रूप में हुई है।
तस्कर को मुखबिर की सूचना पर गंगा शॉपिंग कंप्लैक्स के पास बने पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में बताया कि ये पहाड़ी और उड़ीसा की ओर से अवैध रूप से गांजा लाता था। यहां सप्लाई करता था। इससे पैसा मिलता था जिसका प्रयोग मौज मस्ती के लिए करता था।
पुलिस ने इसका फोन जब्त किया है। जिसमें डिमांड मैसेज आने पर ये गांजा सप्लाई करता था। बताया गया कि गांजा की मादकता को बढ़ाने के लिए केमिकल का प्रयोग किया जाता था। मादकता ज्यादा होने के कारण इसकी डिमांड ज्यादा रहती थी। इसके टारगेट कॉलेज, पीजी और इंडस्ट्रियल सेक्टर थे। फिलहाल पुलिस इसकी पूरी चेन को पकड़ने का प्रयास कर रही है।