रूस की तरफ से युद्ध करने के लिए किम जोंग उन भेजे सैनिक
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का आरोप है कि उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग उन अपने सैनिकों को रूस की तरफ से युद्ध करने के लिए भेज रहा है। जेलेंस्की ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा, हम देख रहे हैं कि उत्तर कोरिया और रूस के बीच बड़ी सांठगांठ चल रही है। उन्होंने कहा, अब बात केवल हथियारों के लेनदेन तक नहीं रही है। अब उत्तर कोरिया की तरफ से सैनिक भी भेजे जाने लगे हैं।
यूक्रेन ने कहा कि इस युद्ध को बड़ा होने से रोकने के लिए सभी सहयोगियों को मिलकर रूस और उत्तर कोरिया पर दबाव बनाना चाहिए। फ्रंट लाइन पर भी अब ज्यादा मदद की जरूरत है। जेलेंसी ने यूक्रेन के साथियों से कहा कि रूस में अंदर तक हमला करने के लिए लॉन्ग रेंज की मिसाइलों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ताकत से ही सही मायनों में शांति स्थापित की जा सकती है।
बता दें कि पिछले सप्ताह ही जर्मनी में पश्चिमी नेताओं की बैठक होने वाली थी। लेकिन हरिकेन की वजह से जो बाइडेन के दौरे में देरी हो गई। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री किम योंग ह्यून ने कहा कि इस बात की बहुत संभावनाएं हैं कि अभी उत्तर कोरिया बड़ी संख्या में सैनिकों को रूस की तरफ से लड़ने के लिए भेजेगा। उन्होंने कहा कि रूस के कब्जे वाले इलाके में यूक्रेनी हमले में उत्तर कोरिया के अधिकारी मारे भी गए हैं। हालांकि रूस ने इसे फर्जी खबर बताया था।
मॉस्को ने जब से 2022 में यूक्रेन पर हमला किया है तब से उत्तर कोरिया के साथ उसके संबंध भी मजबूत होते गए हैं उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग उन सितंबर 2023 में भी अपनी विशेष ट्रेन से रूस पहुंचा था। उसने हथियारों और सुरक्षा को लेकर ब्लादिमीर पुतिन से बात की थी। यूएस, दक्षिण कोरिया और यूक्रेन ने रूस को हथियार देने के लिए उत्तर कोरिया की आलोचना भी की है।