बिहार में अवैध संबंध के लिए सब्जी विक्रेता की हुई थी हत्या, जानिए पूरा मामला…

बिहार के भोजपुर में अवैध संबंध के लिए पत्नी द्वारा पति की हत्या का मामला सामने आया है। भोजपुर के पीरो थाना क्षेत्र की घटना है। मृतक फल एवं सब्जी विक्रेता उमाकांत ठाकुर था। उसकी की हत्या की गुत्थी पुलिस की ओर से सुलझा दी गयी है। आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। गिरफ्तार प्रेमी ने स्वीकार कर लिया है कि पत्नी के अवैध संबंध के चक्कर में उमाकांत ठाकुर की हत्या की गयी थी।

पुलिस का कहना है कि पत्नी के प्रेमी ने अपने दो दोस्तों के साथ गला दबाकर उसे मार डाला गया था। इसके बाद मामले को हादसे का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया था। गिरफ्तार आरोपितों में उमाकांत कुमार की पत्नी दुर्गावती देवी और उसका प्रेमी पीरो वार्ड नंबर दस निवासी साहेब उपाध्याय शामिल हैं। दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार कर ली है। एसपी राज ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीरो निवासी उमाकांत ठाकुर की पुत्री अंजू देवी की ओर से 24 सितंबर को अपने पिता की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

दर्ज प्राथमिकी में कहा गया था कि उनके पिता 23 सितंबर की रात करीब आठ बजे से घर से गायब थे। उनका शव मंगलवार की सुबह पीरो रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया है। उनकी गला दबाकर हत्या की गयी है। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या का खुलासा और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पीरो एसडीपीओ केके सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। अनुसंधान में जुटी टीम की ओर से संदेह के आधार पर उमाकांत ठाकुर की पत्नी दुर्गावती देवी से पूछताछ की गयी। कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गई और बताया कि साहेब उपाध्याय ने उसके पति की हत्या की है। इस आधार पर साहेब उपाध्याय को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गयी, तो उसने उमाकांत ठाकुर की पत्नी से अवैध संबंध होने और उसी चक्कर में हत्या करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में साहेब उपाध्याय की ओर से दो दोस्तों के साथ मिलकर उमाकांत ठाकुर की गला दबा हत्या करने और शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की बात कही गई।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में स्वीकारोक्ति के बाद साहेब उपाध्याय और उमाकांत ठाकुर की पत्नी दुर्गावती देवी को गिरफ्तार कर लिया गया। हत्या में शामिल दो अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गयी है। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर टीम की ओर से छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker