छत्तीसगढ़ में कैदियों ने पुलिस की आंखों में झोंका मिर्ची पाउडर, लॉक खोलकर हुए फरार

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस जवानों को चकमा देकर कैदी फरार हो गए। यह मामला उस समय का है जब उन्हें कोर्ट में पेशी के बाद वापस जेल ले जाया जा रहा था। पुलिस की गिरफ्त से भागने के लिए कैदियों ने मिर्ची पाउडर का सहारा लिया। आंखों में पाउडर झोंकने के बाद गाड़ी का लॉक खोलकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने धरपकड़ अभियान चलाया। घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दूसरे की पकड़ खोडबीन जारी है।

कैदियों को दंतेवाड़ा कोर्ट से पेशी के बाद जगदलपुर की जेल ले जाया जा रहा था। इसी बीच परपा थाना के पास दोनों कैदियों ने मिर्ची पाउडर वाली घटना को अंजाम दिया। भागने वाले कैदियो में से एक का नाम समीर खान है तो वहीं दूसरे का नाम अनस खान है। ये दोनों दंतेवाड़ा जिले के रहने वाले हैं। बस्तर जिले की पुलिस ने इन्हें बाइक चोरी करने के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब गाड़ी परपा थाना के पास पहुंची तो रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पुलिस जवानों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद दोनों गाड़ी के दरवाजा का लॉक खोलकर फरार हो गए। जवानों ने इसकी जानकारी थाना और पुलिस अधिकारियों को दी। पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाके में नाकेबंदी की। वहीं कुछ देर बाद खेत के पास एक आरोपी समीर को बोधघाट थाना के जवानों ने पकड़ लिया। वहीं दूसरा आरोपी अनस फरार हो गया है। पुलिस अफसरों ने आस-पा के थाने में भी सूचना दे दी है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker