रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन को झटका, माली ने तोड़ लिए राजनयिक संबंध, जानिए पूरा मामला

रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन को एक बड़ा  झटका लगा है। माली ने यूक्रेन के साथ राजनयिक संबंध खत्म करने का ऐलान कर दिया है। दरअसल माली ने आरोप लगाए हैं कि हाल ही में विद्रोहियों द्वारा रूस के भाड़े के सैनिकों और माली के सैनिकों की हत्या में कीव के अधिकारी का हाथ है। उत्तरी तुआरेज विद्रोहियों का कहना कि उन्होंने करीब 84 भाड़े के सैनिकों और 47 माली के सैनिकों की तीन दिनों के दौरान हत्या कर दी। 

दरअसल उत्तरी माली के अलगाववादी विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने 25 से 27 जुलाई के बीच अल्जीरिया सीमा के पास रूस के वैगनर सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि विद्रोहियों ने यह नहीं बताया कि उनके कितने सैनिक मारे गए हैं। रूस ने कहा है कि वह माली जुंटा का समर्थन जारी रखेगा। 

माली में सरकार के खिलाफ कई संगठन खड़े हैं और इनमें ही तुआरेग विद्रोही शामिल हैं। इसके अलावा साहेल में अल-कायदा से जुड़े एक समूह जमात नुसरत अल-अस्लाम वाल मुस्लमीन भी सरकार का विरोधी है। रूस ने माली की सरकार का समर्थन करने के लिए भाड़े के सैनिक उतारे हैं। हालांकि ये दोनों संगठन मिलकर रूसी सैनिकों के भी छक्के छुड़ा रहे हैं। 

29 जुलाई को यूक्रेन मिलिटरी इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रवक्ता ने कहा था कि माली के विद्रोहियों को सारी जरूरी जानकारियां मिल गई हैं। अब वे रूस के युद्ध अपराधियों के खिलाफ ऐक्शन लेंगे। इसके बाद माली ने कहा कि यूक्रेन के अधिकारी के बयान से वह काफी आहत है। यूक्रेन के सहयोग से उसके सैनिकों और सहयोगियों पर इस तरह का नृशंस हमला किया है। यह माली की सेना को चुनौती है। माली ने कहा कि तत्काल प्रभाव से वह यूक्रेन के साथ अपने सारे राजनयिक संबंध खत्म करता है। 

माली ने इस हिंसा के लिए यूक्रेन के राजदूत से जवाब भी मांगा है। माली का कहना है कि यूक्रेन ने उसकी संप्रभुता को चुनौती दी है। इसके अलावा यूक्रेन ने अंतरराष्ट्रीय आतंकियों का समर्थन किया है। माली की सेना ने स्वीकार किया है कि उसे बड़ा नुकसान हुआ है और बड़ी संख्या में सैनिक मारे गए हैं। 

Back to top button