टनकपुर-चंपावत NH पर पिकअप वाहन के खाई में गिरने से चालक की मौत, एक घायल

टनकपुर-चंपावत एनएच पर पिकअप वाहन के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

शनिवार की सुबह टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमोड़ी और बेलखेत के बीच स्थित भनारखोला के पास सुबह साढ़े पांच बजे पिकअप वाहन संख्या- यूके 06 सीडी-9253 दुर्घटनाग्रस्त होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

हादसे में चालक दानिश (24) पुत्र मोहम्मद नवीस अहमद, निवासी न्यूरिया जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिकअप वाहन स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन मुर्गियां लेकर नानकमत्ता से लोहाघाट जा रहा था।

घायल वसीम (28) पुत्र मोहम्मद सलीम, निवासी न्यूरिया जिला पीलीभीत का प्राथमिक उपचार अमोड़ी के निजी क्लीनिक में करने के बाद उसे टनकपुर उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

Back to top button