सीवर लाइन की खुदाई के दौरान गिरी मिट्टी, मलबे में दबा मजदूर
मध्य प्रदेश के सतना जिले में मिट्टी धंसने के कारण एक मजदूर 30 फ़ीट नीचे मिट्टी के मलबे में दब गया। मलबे में दबे मजदूर के बारे में जानकारी लगते ही बचाव कार्य भी शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक, चित्रकूट नगर पंचायत में पिछले कई दिनों से सीवर लाइन डालने के लिए खुदाई का काम चल रहा है। इस दौरान 14 फरवरी की दोपहर 1:45 बजे खुदाई के दौरान अचानक ऊपर की मिट्टी भरभरा कर नीचे आ गई। यहां एक मजदूर नीचे काम कर रहा था। मिट्टी के अचानक गिरने से वह उसी में धंस गया। बताया गया कि नगर पंचायत चित्रकूट में कामदगिरि मंदिर के पास सीवर लाइन डालने के लिए खुदाई चल रही रही थी तभी यह हादसा हो गया। एक और मजदूर के फंसे होने की बात भी सामने आई है। हालांकि बचाव कार्य जारी है।
इस घटना के 1 माह पूर्व सतना नगर निगम क्षेत्र के मिट्टी धंसने के कारण एक मजदूर की मौत भी हो चुकी है। 12 जनवरी 2024 को नगर निगम सतना के मारुति नगर में सीवर लाइन के मैनहोल का काम चल रहा था। तभी अचानक मैनहोल की ऊपरी सतह भरभरा कर मजदूर के ऊपर गिर गई थी। मैनहोल 20 फ़ीट का था। इस दौरान 5 घंटे तक रेस्क्यू किया गया लेकिन मजदूर की जान नहीं बचाई जा सकी थी। मृतक मजदूर मध्य प्रदेश के ग्वालियर ज़िला के गोल पारिया का रहने वाला था। इस घटना के बाद सीवर लाइन का काम देख रही कंपनी पर मानकों का ध्यान न रखने का मामला सामने आया था। जांच के दौरान पता चला कि बिना लोहे के बैकेट लगाये मजदूर को मैनहोल के चैम्बर में उतार दिया गया था।