10-12 लोकसभा लड़ने की तैयारी में जीतनराम मांझी की पार्टी, एनडीए में HAM को कितनी सीटें देगी भाजपा…

लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है और एनडीए में अभी तक सीट बंटवारा नहीं हुआ है। मगर बीजेपी नीत गठबंधन में शामिल दलों ने स्थानीय स्तर पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) ने बिहार की 10 से 12 लोकसभा सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है। HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने यह जानकारी दी है। इससे एनडीए के अन्य दलों की मुश्किल बढ़ सकती है। 

संतोष कुमार सुमन ने शनिवार को पटना के एम स्ट्रैंड रोड स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि HAM लोकसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी। इसके लिए हर एक जिले में पंचायत स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की 10-12 लोकसभ सीटों पर पार्टी मजबूत तैयारी कर रही है। हालांकि, कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा, यह अभी तय नहीं है। 

जीतनराम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य नरेंद्र मोदी को 2024 में फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। हालांकि उन्होंने एनडीए के सीट बंटवारे में कितनी और कौनसी सीटें लड़ने के लिए मिलेंगी, इस पर अनभिज्ञता जाहिर की। वैसे तो HAM ने 10 से ज्यादा लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली है। मगर बीजेपी मांझी की पार्टी की कितनी सीट देगी यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को एनडीए में अधिकतर एक से दो सीटें मिल सकती हैं। क्योंकि जेडीयू के अलग होने के बाद बीजेपी अपने दम पर 40 में से 30 सीटों पर चुनाव लड़ने के मूड में है। इसके अलावा लोजपा के चिराग पासवान और पशुपति पारस गुट को 6 सीटों में एडजस्ट किया जाएगा। इसी तरह उपेंद्र कुशवाहा की आरएलजेडी भी गठबंधन में शामिल है। बीजेपी कुशवाहा की पार्टी को 2 से 3 सीटें दे सकती है। ऐसे में मांझी के खाते में महज एक या दो सीटें ही आएंगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker