MP और छत्तीसगढ़ में बदल सकता है मौसम, तीन दिन झमाझम बारिश का अलर्ट जारी

उत्तर पश्चिमी भारत में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। साथ ही कोहरे के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी और उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच IMD ने मौसम बदलने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर ओले पड़ने की चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ में भी नए साल पर बारिश देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा वक्त में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। यही नहीं एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों पर भी सक्रिय है। इसके प्रभाव के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 30 और 31 दिसंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों पर भी बना हुआ है।
यही नहीं बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर की पूर्वी हवाएं मैदानी इलाकों का रुख कर रही हैं। इसकी वजह से देश के कई इलाकों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तीन दिन तक मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहली से 3 जनवरी के दौरान यूपी, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट रूप से हल्की बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखी जा सकती है। एमपी के कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से 04 जनवरी तक पंजाब के कई हिस्सों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसी दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ज्यादा घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी यूपी में 30 दिसंबर से 01 जनवरी तक घने कोहरे का प्रकोप देखा जा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। इससे देश के कई हिस्से घने कोहरे में डूबे हैं। IMD ने 31 दिसंबर को यूपी, उत्तरी राजस्थान और बिहार के कई हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।