टेंपो ट्रैवलर चालक ने युवक को मारी टक्कर, बोनट पर बैठकर दौड़ाया, वीडियो वायरल

कोटला मुबारकपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात को एक टेंपो ट्रैवलर चालक ने एक युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक टेंपो ट्रैवलर के बोनट पर आकर गिर गया।

आरोप है कि टेंपो ट्रैवलर चालक कुछ दूर तक व्यक्ति को बोनट पर ही खींचते हुए ले गया। फिर उसे आश्रम में बोनट से नीचे गिरा दिया। युवक को गंभीर चोटें आई हैं। दक्षिणी जिला पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

रविवार यानी 17 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली। फोन करने वाले ने आरोप लगाया कि डीएनडी फ्लाईओवर से नोएडा की ओर जाते समय लाजपत नगर में एक टेंपो ट्रैवलर वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी और कुछ दूरी तक उसे अपने वाहन के बोनट पर घसीटा।

इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कॉल करने वाला व्यक्ति कुछ दूर तक टेंपो ट्रैवलर का पीछा कर रहा था और इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। इस घटना के संबंध में बाद में जब पुलिस टीम ने फोन करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने कहा कि वह अभी उत्तर प्रदेश में है और शिकायत दर्ज कराने नहीं आ सकता।

अधिकारी ने कहा कि उस व्यक्ति को दिल्ली आने के लिए मनाने की कोशिश की जा रही है और जब वह आएगा तो उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है। 

Back to top button