निजी इंश्योरेंस कंपनी की महिला कर्मचारी ने सीनियर पर लगाए गंभीर आरोप, पढे पूरी खबर…

निजी इंश्योरेंस कंपनी की महिला कर्मचारी ने सीनियर पर अभद्रता और अश्लील टिप्पणी का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध किया तो गाली गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ गाली गलौज, जान से मारने की धमकी और यौन उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

एसओ वसंत विहार महादेव उनियाल ने बताया कि महिला के साथ शनिवार को यह घटना हुई थी। महिला कर्मी सुबह अपने ऑफिस पहुंची थी। यहां पर उसके सीनियर तेजेंदर नागपाल पहले से मौजूद थे। महिला का आरोप है कि नागपाल ने उनके शरीर को लेकर कई तरह की अभद्र और अश्लील टिप्पणी की।

महिला जब सीढ़ियों से जा रही थी तब भी नागपाल ने उसका हाथ पकड़ने की कोशिश की। इस तरह पूरे ऑफिस में उसे बेइज्जत किया गया। महिला का आरोप है कि नागपाल की इस हरकत का जब उसने विरोध किया तो उसने नौकरी छोड़कर जाने के लिए कहा। इस पर महिला ने कुछ बात कही तो उसने धमकी दी कि वह उसे नौकरी करने लायक नहीं छोड़ेगा।

वह फिर से महिला पर फब्तियां कसने लगा। जूते से मारने की भी धमकी दी और कहा कि वह मार देगा। एसओ ने बताया कि इस मामले में तेजेंद्र नागपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 

Back to top button