MP चुनाव में कांग्रेस का बड़ा वादा, चुनाव जीतने पर स्कूली बच्चों को हर महीने देंगे 1500 रुपए

मध्य प्रदेश में चुनावी तारीखों का ऐलान होने के बाद कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया है। गुरुवार को एमपी दौरे पर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वादा करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर स्कूल छात्र-छात्राओं के लिए ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत स्कूली विद्यार्थियों को को 500-1500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश के मंडला जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए यह वादा किया है। वादे के अनुसार, कांग्रेस की सरकार आने के बाद इस योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा।
स्कूली विद्यार्थियों को 500-1500 रुपए प्रतिमाह
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मंडला में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर ‘पढ़ो पढ़ाओ’ योजना लागू की जाएगी। इसके तहत कक्षा 1 से 8वीं तक के बच्चों को पांच सौ रुपए प्रतिमाह, 9वीं और 10वीं के बच्चों को एक हजार रुपए और 11वीं और 12वीं के बच्चों को पंद्रह सौ रुपए प्रतिमाह दिया जाएगा।
गुरुवार को प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महाकौशल अंचल के आदिवासी बहुल मंडला जिले में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान वहां पर कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद थे। इन सबकी मौजूदगी में प्रियंका गांधी ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए ये बड़ा वादा किया है।
राज्य में सभी 230 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। राज्य में 17 नवंबर को सभी सीटों पर एकसाथ मतदान होना है। इस विधानसभा चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। बता दें कि राज्य में अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए सुरक्षित सीटों की संख्या 47 हैं। एमपी की इन सीटों पर भी सभी मुख्य दलों की निगाहें हैं। मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंडला जिले की निवास विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी घोषित किया है।