चुनाव के 103 दिन बाद स्थायी समिति के परिणाम घोषित, जानिए AAP और BJP ने कितनी जीती सीटें…

नई दिल्ली, दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के 103 दिन बाद नतीजे आखिरकार बृहस्पतिवार को घोषित हो गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद महापौर (रिटर्निंग ऑफिसर) डॉ. शैली ओबेराय ने चुनाव के नतीजे घोषित करने की मंजूरी दे दी।

इसके बाद निगम सचिव ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। नतीजे के अनुसार आम आदमी पार्टी के तीन और भाजपा के तीन सदस्यों ने जीत दर्ज की है।

24 फरवरी को हुए थे समिति के चुनाव

स्थायी समिति के चुनाव 24 फरवरी को हुए थे। इसमें एक वोट रद करने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें महापौर ने पुनः 27 फरवरी को चुनाव कराने का आदेश दिया। इसके खिलाफ भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत और शिखा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर तुरंत हाईकोर्ट ने पुनः चुनाव कराने पर रोक लगा दी थी।

23 मई को हाईकोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया को सही पाया था। साथ ही पुनः चुनाव की जरुरत को खारिज कर दिया। कोर्ट महापौर को तुरंत प्रभाव से चुनाव नतीजे जारी करने का निर्देश दिया था।

इसके बाद निगम सचिव कार्यालय ने महापौर को हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर महापौर से नतीजे स्वीकृत करने की मांग की थी। निगम सदन की बैठक से कुछ देर पहले ही महापौर ने स्वीकृति दे दी और निगम सचिव ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।

जल्द स्थायी समिति के गठन की संभावना

दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के गठन की संभावना हो गई है। क्योंकि अब वार्ड कमेटी के सदस्यों के लिए चुनाव की तारीख निगमायुक्त को तय करनी होगी। माना जा रहा है कि जल्द ही तर्दथ और विशेष समितियों के चुनाव के साथ ही वार्ड कमेटियों के सदस्यों के चुनाव की घोषणा हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति में 18 सदस्यों से गठन होता है। इसमें छह सदस्य सदन से चुने जाते हैं जबकि 12 सदस्य वार्ड कमेटी से चुने जाते हैं।

छह सदस्य में से तीन भाजपा जीत चुकी है और तीन आप। अब 12 वार्ड कमेटियों में भाजपा को चार वार्ड कमेटियों में भाजपा का बहुमत है। जबकि अगर, एल्डरमैन ने वोट दिया तो तीन वार्ड समिति (मध्य, सिविल लाइंस और नरेला जोन) भी भाजपा के पास आ सकती है। फिलहाल इन समितियों में भाजपा और आप के पास बराबर सदस्य हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker