सऊदी से पति ने फोन पर दिया तलाक, देवर करता था छेड़छाड़ और अश्लीलता, पुलिस ने FIR की दर्ज

मुरादाबाद में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया। देवर ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लीलता की। शिकायत करने पर बंधक बनाकर पीटा। इतना ही नहीं सऊदी अरब में बैठे पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की शिकायत पर मैनाठेर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मैनाठेर थाना क्षेत्र निवासी महिला का निकाह 29 जून 2020 को हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। महिला के अनुसार शादी में मायके वालों ने ढाई लाख नकद समेत करीब 12 लाख रुपये खर्च किया था। इसके बावजूद पति, सास-ससुर, देवर, ननद और नंदोई दहेज से खुश नहीं थे। सभी एक कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करना शुर कर दिया। महिला के अनुसार पति सऊदी में काम करता है। उसकी गैरमौजूदगी में देवर ने कई बार अश्लील हकरतें और छेड़छाड़ की।

आरोप है कि बीते 21 अप्रैल 2023 को देवर ने उसके कमरे में घुसकर अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत ससुराल वालों से की तो सभी ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं सउदी में बैठे पति ने भी कॉल करके महिला को धमकाया। उसने फोन पर ही तीन तलाक दे दिया और ससुरालियों ने घर से धक्का देकर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पर गुहार लगाई।

Back to top button