बारिश की जिद पर गांव की सरकार बनाने का ज़ज्बा भारी
लोकतंत्र के महापर्व में बारिश के बावजूद पंचायत की सरकार चुनने को लेकर मतदाता बेकरार हैं। सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच मतदान केन्द्र पर कम मतदाता के पहुंचने की आशंका को मतदाताओं ने गलत साबित कर दिया है।
गांव की सरकार बनाने में सभी मतदाताओं ने अपनी भागीदारी निभायी। सुबह सवा आठ बजे किशनगंज के बूथ संख्या 20 पंचायत भवन बेलवा मतदान केन्द्र पर महिला मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी।
गांव की सरकार चुनने को लेकर सभी मतदाताओं में उत्साह देखा गया। वहीं मतदान में आधी आबादी ने गजब का उत्साह दिखाते हुए सुबह से ही बूथ पर पहुंचने लगी थी।
बूथ संख्या 79 ठौआपारा प्राथमिक विद्यालय में एक वयोवृद्ध महिला मतदाता को उनके दो महिला परिजनों ने गोदी में उठाकर मतदान केन्द्र पहुंचाया। मतदान के बाद भी मतदान केन्द्र से गोदी में उठाकर उन्हें ले गये।
जब वृद्ध महिला मतदाता को गोदी में उठाकर दो महिला परिजन ले जा रही थी तो इस दौरान मतदान केन्द्र पर मौजूद सभी लोग उनकेलोकतंत्र में भागीदारी को लेकर हौसले व जज्बे को सलाम कर रहे थे।
बूथ संख्या 77 व 74 पर सुबह 10 बजे महिला मतदाताओं की लंबी कतार दिखी। हालांकि सुबह 8 बजते से ही अधिकांश बूथों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतार मतदान केन्द्र पर लग चुकी थी।
गांव की बहुएं भी मतदान में रही आगे पंचायत चुनाव में गांव की बहुएं भी मतदान करने में पीछे नहीं रही। कई बूथ पर गांव की बहुएं मतदान को लेकर कतारबद्ध दिखी।