सुशील मोदी के इशारे पर हुआ है नल जल योजना में घोटाला : तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के साले, दामाद और बहू की कंपनी को 55 करोड़ का ठेका दिया गया।

उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी पर भी आरोप लगाए। कहा कि इस घोटाले को सबसे पहले हमारी पार्टी के नेता राम प्रकाश महतो ने पिछले साल ही उजागर किया था।

इस वर्ष भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दी। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे उसे साफ जाहिर होता है मुख्यमंत्री डर रहे हैं या भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहे हैं।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद सुशील मोदी के कैंडिडेट हैं। उनके इशारे पर सब हो रहा है। कहा कि नल जल योजना राज्य में नल धन योजना बन गई है।

सभी जिलों में इसका ठेका जदयू और भाजपा नेताओं को दिया जा रहा है। जदयू और भाजपा के लोग चुनाव की तैयारी में लगे हैं उसके लिए वोट खरीदने को पैसा इकट्ठा करने का यह हथियार बन गया है।

इससे पहले बुधवार को भी तेजस्वी ने इस मामले को लेकर नीतीश कुमार और भाजपा नेताओं पर हमले किये थे। तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मुंह में दही जमी है।

अगर मुंह खोलेंगे तो सृजन घोटाला फिर से खुल जाएगा। कहा कि मौजूदा सरकार में लगातार सरकारी खजाने को लूटा जा रहा है। ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार ही नजर आ रहा है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker