भारत में आज से मिलेगी वैक्सीन की दूसरी खुराक

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में पूरी दुनिया में सबसे अधिक एक्टिव होकर भारत लड़ रहा है। टीकाकरण के मामले में भारत ने अमेरिका-ब्रिटेन जैसे देशों को पछाड़ दिया है और अब तक देश में 77.66 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज ले ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 7766319 लोगों को कोरोना टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है। इनमें 58.65 लाख स्वास्थ्यकर्मी और 19 लाख अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता हैं। इसके साथ ही आज यानी शनिवार से लोगों को टीके की दूसरी खुराक देनी शुरू की जाएगी। जिन लोगों ने टीकाकरण के पहले दिन 16 जनवरी को टीका लगाया था, वह शनिवार को दूसरी खुराक लेंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को गुजरात, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, झारखंड तथा ओडिशा, उत्तर प्रदेश समेत दस राज्यों में कुल 261309 लोगों को टीका लगाया गया। मंत्रालय ने कहा कि अब तक टीकाकरण के दुष्प्रभाव के कारण अस्पताल में भर्ती किए जाने के 33 मामले आए हैं जिनमें से 21 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। दो का उपचार चल रहा है तथा 10 की मृत्यु हो गई है। अब तक टीका लगने के बाद कुल 24 लोगों की मृत्यु के मामले सामने आए हैं। इनमें नौ मौतें अस्पताल में तथा 15 बाहर हुई हैं। लेकिन मौतों के अलग-अलग कारण हैं तथा टीके की वजह से यह मौतें नहीं हुई हैं।

 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker