हमीरपुर: किसानों के प्रदर्शन के बाद बिरखेरा में बनने लगी अस्थाई गौशाला

बीडीओ व नायब तहसीलदार ने किसानों की सहमति के बाद खेल मैदान में बनवाई गौशाला

हमीरपुर। किसानों के मुख्यालय में प्रदर्शन के बाद सक्रिय अधिकारियों ने ग्राम पंचायत बिरखेरा में आनन-फानन में जमीन चिन्हित कर अस्थाई गौशाला का निर्माण शुरू कराया है।जिससे ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही अन्ना गोवंश संरक्षित हो जाने से फसलों का नुकसान नहीं होगा।
मंगलवार को सैकड़ों की तादाद में बिरखेरा के किसानों ने मुख्यालय पहुंचकर अन्ना गोवंश संरक्षित न होने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया था। किसानों का आरोप है कि ग्राम प्रधान की लापरवाही से गोवंश संरक्षित नहीं हो पा रहा है। किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया को सौंपा था।

किसानों के प्रदर्शन के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी मंगलवार को ही गांव पहुंच कर लोगों से बातचीत की और समस्या के निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। बुधवार को नायब तहसीलदार प्रमित सचान, बीडीओ अभिमन्यु सेठ, एडीओ पंचायत सत्यप्रकाश गुप्ता व लेखपाल पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता करने के बाद खेल मैदान से जुड़ी जमीन में ही अस्थाई गौशाला बनाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों के सन्तुष्ट होने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बिंदा प्रसाद कुशवाहा व सचिव वीरेंद्र पाल ने सामान मंगाकर कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण शुरू होते ही किसानों ने राहत महसूस की है।

किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही अन्ना गोवंश संरक्षित हो जाने से फसलों का नुकसान बच जाएगा। नायब तहसीलदार ने बताया कि खेल मैदान की जमीन के कुछ हिस्से में अस्थाई गौशाला बनाई जा रही है। बीडीओ ने सचिव व प्रधान को जल्द से जल्द गौशाला बनाकर अन्ना गोवंश को संरक्षित करने के निर्देश दिया।

इस मौके पर किसान अशोक यादव, शिव प्रसाद, महावीर, रणवीर सिंह, अखिलेश तिवारी,जितेंद्र सिंह, रामसनेही,रामबली, जगरूप, कामता आदि ने बताया कि किसानों की फसलें बर्बाद हो रही थी। ग्राम प्रधान लापरवाही बरत रहा था। इस वजह से मुख्यालय जाने को मजबूर होना पड़ा था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker